10 साल की मासूम की हत्या से तमिलनाडु में हड़कंप, सीएम विजय ने कहा, “आवश्यक सभी कदम उठाए जाएंगे”
तमिलनाडु से इस वक्त दिल को झकझोर देने वाली एक खबर सामने आई है। कोयंबटूर जिले के सुलूर इलाके में 10 साल की एक बच्ची की हत्या के मामले ने पूरे राज्य को हिलाकर रख दिया है। जानकारी के मुताबिक, गुरुवार शाम बच्ची लापता हो गई थी और शुक्रवार को उसकी लाश मिलने के बाद इलाके में भारी आक्रोश फैल गया।
किराने का सामान लेने निकली थी बच्ची
बताया जा रहा है कि बच्ची अपने घर के पास किराने का सामान खरीदने निकली थी। इसी दौरान बदमाशों ने उसका अपहरण कर लिया और बाद में उसकी हत्या कर दी। बच्ची का शव कन्नमपलयम झील के पास मिला, जिसके बाद तुरंत पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कार्तिक और मोहन राज के रूप में हुई है।
परिजनों का पुलिस स्टेशन के बाहर प्रदर्शन
घटना के बाद बच्ची के परिवार में गहरा दुख और गुस्सा है। बच्ची के माता-पिता और रिश्तेदारों ने सुलूर पुलिस स्टेशन के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और न्याय की मांग की। परिजनों का कहना है कि जब तक उन्हें न्याय नहीं मिलेगा, वे बच्ची का शव मुर्दाघर से नहीं लेंगे।
सीएम विजय ने जताया दुख
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री जोसेफ विजय ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए लिखा, “कोयंबटूर में कल एक 10 वर्षीय लड़की के साथ हुई क्रूर घटना अत्यंत दुख और आघात पहुँचाती है। इस प्रकार के अमानवीय और अक्षम्य अपराध हमारे समाज में कभी भी स्वीकार्य नहीं हो सकते।”
उन्होंने आगे कहा, “अपने प्राणों से प्रिय बच्ची को खो चुके उस परिवार के सभी सदस्यों के साथ मैं अपनी गहरी शोक संवेदनाएं साझा करता हूँ। इस मामले में संबंधित दो अपराधियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना की गहन और त्वरित जाँच कर जल्द से जल्द चार्जशीट दाखिल करने के लिए आवश्यक सभी कदम उठाने के निर्देश पुलिस को दिए गए हैं।”
सीएम विजय ने यह भी कहा कि महिलाओं और बच्चों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी और दोषियों को कानून के तहत कठोर सजा दिलाई जाएगी।

कानून-व्यवस्था पर विपक्ष ने उठाए सवाल
इस घटना के बाद तमिलनाडु की राजनीति भी गरमा गई है। विपक्षी पार्टी DMK ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर सरकार पर सवाल खड़े किए हैं।
DMK नेता उदयनिधि स्टालिन ने सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा, “नई सरकार के सत्ता संभालने के बाद से 12 दिनों में यौन हिंसा, गांजा तस्करी, गुंडों के हमले, सत्ताधारी पार्टी के लोगों की अराजकता और अब कोयंबटूर में बच्चे के अपहरण और हत्या सहित 30 से अधिक बड़ी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जिससे राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।”

