NEET UG 2026: नीट अभ्यर्थियों के लिए बड़ी खबर, फीस रिफंड का लिंक एक्टिव; साइबर कैफे नहीं सीधे आपके खाते में आएंगे पैसे
NEET UG 2026: नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने नीट यूजी 2026 (NEET UG 2026) के अभ्यर्थियों के लिए एक बेहद महत्वपूर्ण और राहत भरी अधिसूचना जारी की है। पेपर लीक विवाद के चलते रद्द की गई परीक्षा की एप्लीकेशन फीस वापस करने के लिए एनटीए ने शुक्रवार देर रात आधिकारिक वेबसाइट पर रिफंड लिंक एक्टिव कर दिया है। जो उम्मीदवार अपनी आवेदन फीस वापस पाना चाहते हैं, वे अब सीधे आधिकारिक पोर्टल पर जाकर अपने बैंक खाते की जानकारी अपडेट कर सकते हैं।
27 मई तक ही खुला रहेगा रिफंड पोर्टल
एनटीए के नोटिफिकेशन के मुताबिक, जिन छात्रों को अपनी फीस वापस चाहिए, उन्हें आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जाकर लॉगिन करना होगा। बैंक डिटेल्स अपडेट करने की यह विंडो केवल 22 मई से 27 मई, 2026 (रात 11:50 बजे तक) ही खुली रहेगी। तय समय सीमा समाप्त होने के बाद किसी भी उम्मीदवार को डेटा सुधारने या दोबारा आवेदन करने का मौका नहीं मिलेगा।
साइबर कैफे के खाते में नहीं जाएगा पैसा
अक्सर देखा जाता है कि छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं के फॉर्म खुद न भरकर किसी साइबर कैफे या कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) से भरवाते हैं। ऐसे में फीस का भुगतान भी कैफे संचालक के डेबिट या क्रेडिट कार्ड से हो जाता है।
एनटीए ने इस तकनीकी पेंच को ध्यान में रखते हुए यह विशेष पोर्टल तैयार किया है। अगर एजेंसी सीधे रिफंड जारी करती, तो सारा पैसा डिफॉल्ट रूप से उन्हीं साइबर कैफे वालों के खातों में चला जाता। उम्मीदवारों को इस आर्थिक नुकसान से बचाने और पूरी प्रक्रिया में पारदर्शिता लाने के लिए यह कदम उठाया गया है। अब छात्र खुद के या अपने माता-पिता के बैंक खाते में सीधे पैसे मंगवा सकते हैं।
रिफंड के लिए इन 4 जानकारियों की होगी जरूरत
जब उम्मीदवार नीट यूजी रिफंड लिंक पर क्लिक करेंगे, तो उन्हें अपने बैंक खाते से जुड़ी निम्नलिखित जानकारियां बेहद सावधानी से दर्ज करनी होंगी:
- खाताधारक का नाम (Account Holder’s Name)
- बैंक का नाम (Bank Name)
- अकाउंट नंबर (Account Number)
- बैंक शाखा का आईएफएससी (IFSC) कोड
छात्र अपनी सुरक्षा और सटीकता सुनिश्चित करने के लिए अपने कैंसिल्ड चेक (Cancelled Check) या पासबुक के फ्रंट पेज की स्कैन कॉपी भी अपलोड कर सकते हैं। हालांकि, एनटीए ने साफ किया है कि चेक या पासबुक अपलोड करना पूरी तरह से वैकल्पिक (Optional) है, अनिवार्य नहीं।
21 जून को होगी नीट यूजी की दोबारा परीक्षा
एक तरफ जहां फीस रिफंड की प्रक्रिया चल रही है, वहीं दूसरी तरफ एनटीए दोबारा परीक्षा आयोजित करने की तैयारियों में भी जुट गई है। नीट यूजी 2026 की री-परीक्षा 21 जून, 2026 को दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित की जाएगी। यह परीक्षा पहले की तरह ही ऑफलाइन यानी पेन-एंड-पेपर मोड में होगी। इस री-एग्जाम के लिए पहले से रजिस्टर्ड अभ्यर्थियों को दोबारा कोई अतिरिक्त फीस नहीं देनी होगी। जून के दूसरे हफ्ते में सभी योग्य अभ्यर्थियों के लिए नए सिरे से फ्रेश एडमिट कार्ड जारी कर दिए जाएंगे।
