नीट मामले को लेकर इंडियन आइडल से निकाले गए विशाल ददलानी ?
म्यूजिशियन विशाल ददलानी इन दिनों लगातार सुर्खियों में बने हुए हैं। अपने बयानों की वजह से अक्सर चर्चा में रहने वाले विशाल एक बार फिर विवादों में घिर गए हैं। पहले नीट यूजी पेपर लीक मामले पर दिए गए बयान को लेकर उन्हें सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया गया और अब उनके इंडियन आइडल से बाहर किए जाने की खबरें तेजी से वायरल हो रही हैं।
दरअसल, कुछ समय पहले विशाल ददलानी ने नीट यूजी पेपर लीक विवाद पर खुलकर अपनी राय रखी थी। उन्होंने छात्रों के समर्थन में बयान देते हुए सरकार और व्यवस्था पर सवाल खड़े किए थे। उनके इस बयान के बाद सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें जमकर ट्रोल किया। वहीं अब खबरें सामने आने लगीं कि विशाल ददलानी को इंडियन आइडल से बाहर कर दिया गया है, जिसके बाद फैंस के बीच भी कई तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं।
हालांकि, अब खुद विशाल ददलानी ने इन खबरों पर चुप्पी तोड़ते हुए सच्चाई बता दी है। विशाल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें वह उदास होने की एक्टिंग करते नजर आए। वीडियो में पीछे इंडियन आइडल का साइन बोर्ड भी दिखाई दे रहा था। आखिर में विशाल मजाकिया अंदाज में कहते हैं, “मैं यहां हूं बेबी।”

इस वीडियो के कैप्शन में विशाल ने लिखा, “ऑनलाइन जो भी देखते हैं उस पर विश्वास मत कीजिए। बहुत मैनिपुलेशन हो रहा है। अच्छी लड़ाई लड़ते रहिए और वो कहिए जो कहा जाना चाहिए।” यानी विशाल ददलानी ने साफ कर दिया कि इंडियन आइडल से निकाले जाने की खबरें सिर्फ अफवाह हैं और इनमें कोई सच्चाई नहीं है।
बता दें, इससे पहले विशाल ने कहा था, ‘मैं उस स्टूडेंट को सपोर्ट करता हूं जो नीट पेपर लीक की वजह से हर्ट हुए. ये गलत है जो कि हर साल हो रहा है. इससे ज्यादा ये गलत है कि कोई भी सरकारी एजेंसी जिम्मेदारी नहीं ले रही है और उससे भी ज्यादा खराब है कि मंत्री बैठकर बोल रहे हैं कि ये बड़ी बात नहीं है. जो पावर में हैं वो पढ़े-लिखे नहीं हैं. ये इंडिया को बर्बाद कर देगा. आपको ये अच्छा लगे या न लगे, आपको बुर लगे या अच्छा लेकिन ये सच है. प्लीज अगर संभव हो तो अच्छे लोगों को सत्ता में लाइए. अच्छे और पढ़े लिखे लोगों के लिए वोट कीजिए.’
इसके बाद उन्हें जमकर ट्रोल किया गया था।
