पंडित नेहरू को नेताओं ने किया नमन, पीएम मोदी और राहुल गांधी ने दी श्रद्धांजलि
आज देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि है। इस मौके पर देशभर में लोग और कई बड़े नेता उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।
इसी कड़ी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी पंडित जवाहरलाल नेहरू को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “पूर्व प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू को उनकी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि।”

वहीं, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने भी देश के पहले प्रधानमंत्री को नमन किया। राहुल गांधी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “देश के प्रथम प्रधानमंत्री, पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि। आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखते हुए उन्होंने एक समावेशी, सौहार्दपूर्ण और प्रगतिशील भारत के निर्माण के लिए अपना संपूर्ण जीवन समर्पित किया।”

राहुल गांधी ने आगे कहा कि “स्वतंत्रता, लोकतांत्रिक सिद्धांतों, संवैधानिक अधिकारों, सामाजिक न्याय और वैज्ञानिक दृष्टिकोण पर आधारित नेहरू जी का दूरदर्शी नेतृत्व हमेशा देश का मार्गदर्शन करता रहेगा। फिलहाल, पंडित जवाहरलाल नेहरू की पुण्यतिथि पर देशभर में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं और उन्हें याद किया जा रहा है।”
वहीं, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म x पर लिखा “आधुनिक भारत की मजबूत नींव रखने वाले, लोकतांत्रिक मूल्यों के अडिग प्रहरी, वैज्ञानिक सोच, औद्योगिक विकास और आर्थिक आत्मनिर्भरता के मार्गदर्शक, ‘विविधता में एकता’ के विचार को जन-जन तक पहुँचाने वाले, भारत रत्न पंडित जवाहरलाल नेहरू जी की पुण्यतिथि पर कोटि-कोटि नमन।”

आगे उन्होंने लिखा “उनकी दूरदर्शी सोच, संस्थाओं के निर्माण की प्रतिबद्धता और प्रगतिशील नेतृत्व ने भारत को विश्व मंच पर नई पहचान दिलाई। पंडित नेहरू जी के अमूल्य योगदान के बिना 21वीं सदी के भारत की कल्पना अधूरी है।”
