दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात करेंगे सीएम विजय
जबसे कांग्रेस ने विजय की पार्टी टीवीके (TVK) को समर्थन दिया है, तबसे राहुल गांधी और मुख्यमंत्री विजय की जोड़ी लगातार चर्चा में बनी हुई है। कांग्रेस समर्थकों का मानना है कि राहुल गांधी और विजय का राजनीतिक समीकरण भविष्य में बड़ा असर डाल सकता है। इसी बीच अब खबरें सामने आ रही हैं कि सीएम विजय जल्द ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर सकते हैं।
अगले हफ्ते दिल्ली पहुंच सकते हैं सीएम विजय
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय बहुत जल्द दिल्ली दौरे पर जा सकते हैं। यह मुख्यमंत्री बनने के बाद उनका पहला दिल्ली दौरा माना जा रहा है, जिसको लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सीएम विजय अगले हफ्ते प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात करने दिल्ली पहुंच सकते हैं। इसके अलावा वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत कई वरिष्ठ केंद्रीय मंत्रियों से भी मुलाकात कर सकते हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह दौरा इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि सीएम विजय के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री मोदी शामिल नहीं हुए थे। ऐसे में दोनों नेताओं की संभावित मुलाकात को काफी महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
सीएमओ की टीम संभाल चुकी है कार्यभार
बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री कार्यालय (CMO) में विजय की लगभग पूरी टीम ने अब कामकाज संभाल लिया है। प्रशासनिक व्यवस्थाएं पूरी होने के बाद अब मुख्यमंत्री विजय राष्ट्रीय स्तर पर सक्रियता बढ़ा सकते हैं।
सूत्रों के अनुसार, अपने दिल्ली दौरे के दौरान सीएम विजय जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) भी जा सकते हैं। वहां वह बहुप्रतीक्षित तिरुवल्लुवर की प्रतिमा का उद्घाटन कर सकते हैं।
पहले भी पीएम मोदी को लिख चुके हैं पत्र
इससे पहले भी मुख्यमंत्री विजय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिख चुके हैं। उन्होंने कॉटन कारोबारियों की समस्याओं को लेकर पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग की थी।
अपने पत्र में विजय ने कहा था कि कपास की बढ़ती कीमतों के कारण टेक्सटाइल उद्योग और इससे जुड़े लाखों मजदूरों की आजीविका पर संकट मंडरा रहा है। उन्होंने केंद्र सरकार से इस मामले में जल्द कदम उठाने की अपील की थी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद लगातार ले रहे बड़े फैसले
सीएम बनने के बाद से ही विजय लगातार बड़े फैसले लेते नजर आ रहे हैं। थलापति विजय ने मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के तुरंत बाद प्रशासनिक कामकाज में तेजी दिखाई।
उन्होंने राज्य में बड़ा फैसला लेते हुए 717 शराब दुकानों को बंद करने का आदेश दिया था। उनके इस फैसले की काफी चर्चा हुई थी और इसे जनता के बीच सकारात्मक कदम के तौर पर देखा गया।
