जेफ बेजोस का खरबों का सपना हवा में उड़ा! ‘न्यू ग्लेन’ रॉकेट में भीषण धमाका, NASA के मार्स मिशन पर संकट
फ्लोरिडा: अंतरिक्ष की रेस में एलन मस्क की कंपनी ‘स्पेसएक्स’ को पछाड़ने का सपना देख रहे जेफ बेजोस को अब तक का सबसे बड़ा और करारा झटका लगा है। बेजोस की एयरोस्पेस कंपनी ‘ब्लू ओरिजिन’ (Blue Origin) के सबसे शक्तिशाली रॉकेट ‘न्यू ग्लेन’ (New Glenn) के साथ फ्लोरिडा में एक ऐसा भयानक हादसा हुआ है, जिसने पूरी दुनिया के वैज्ञानिकों को सन्न कर दिया है।
टेस्ट के दौरान फटा रॉकेट
मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा फ्लोरिडा के केप कैनावेरल स्पेस फोर्स स्टेशन पर हुआ। यहाँ न्यू ग्लेन रॉकेट के सेकंड स्टेज (दूसरे चरण) का एक बेहद जरूरी और संवेदनशील टेस्ट चल रहा था। शुरुआती पलों में सब कुछ सामान्य लग रहा था, लेकिन अचानक एक जोरदार धमाका हुआ और पूरा इलाका दहल उठा। यह ब्लास्ट इतना भयानक था कि रॉकेट का वह हिस्सा पूरी तरह तबाह हो गया। धमाके की तीव्रता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि इससे फैक्ट्री की छत तक को भारी नुकसान पहुँचा है।
एलन मस्क को टक्कर देने वाला ‘महाबली’ रॉकेट
दरअसल, यह कोई मामूली रॉकेट नहीं है। करीब 320 फीट ऊँचे इस महाबली रॉकेट को जेफ बेजोस ने एलन मस्क के ‘फाल्कन हैवी’ (Falcon Heavy) रॉकेट को कड़ी टक्कर देने के लिए तैयार किया है। स्पेसएक्स की ही तकनीक की तरह, इसे भी पूरी तरह रीयूजेबल यानी दोबारा इस्तेमाल होने लायक बनाया गया है, ताकि अंतरिक्ष मिशनों की लागत को कम किया जा सके। लेकिन इस एक धमाके ने बेजोस के खरबों रुपये के इस प्रोजेक्ट को अधर में लटका दिया है।
खतरे में NASA का मार्स मिशन!
इस हादसे ने सिर्फ जेफ बेजोस की उम्मीदों को ही झटका नहीं दिया है, बल्कि अमेरिकी अंतरिक्ष एजेंसी नासा (NASA) की धड़कनें भी बढ़ा दी हैं। इसी साल न्यू ग्लेन रॉकेट को नासा के एक बेहद खास और महत्वाकांक्षी मार्स (मंगल ग्रह) मिशन के लिए उड़ान भरनी थी। लेकिन इस विनाशकारी ब्लास्ट के बाद अब इस बड़े मिशन पर खतरे के बादल मंडराने लगे हैं। अंतरिक्ष विशेषज्ञों का मानना है कि इस हादसे की जांच और दोबारा तैयारी में अब कई महीनों की देरी हो सकती है, जो ग्लोबल स्पेस रेस के लिहाज से एक बड़ा सेटबैक है।
