अंकिता लोखंडे ने पहना “हिजाब” तो मच गया बवाल, लोगों ने जमकर किया ट्रोल
टीवी की संस्कारी बहू और बॉलीवुड की ग्लैमरस एक्ट्रेस अंकिता लोखंडे कुछ समय पहले अपने पति विक्की जैन के साथ गौसेवा करती नजर आई थीं। उस दौरान सोशल मीडिया पर उनकी जमकर तारीफ हुई थी। लेकिन अब अंकिता एक नए विवाद में घिर गई हैं। वजह बनी है उनका हिजाब पहनना। सोशल मीडिया पर जैसे ही अंकिता का हिजाब वाला वीडियो और तस्वीरें वायरल हुईं, लोगों ने उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
दरअसल, अंकिता लोखंडे इन दिनों अपने पति विक्की जैन के साथ अबू धाबी वेकेशन एन्जॉय कर रही हैं। उन्होंने वहां से कई तस्वीरें और वीडियो अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किए हैं। तस्वीरों में अंकिता काफी खुश और एन्जॉय करती दिखाई दे रही हैं। हालांकि, इन तस्वीरों में एक फोटो ने सोशल मीडिया यूजर्स का खास ध्यान खींच लिया, जिसके बाद पूरा विवाद शुरू हो गया।

अंकिता ने अपनी पोस्ट के कैप्शन में लिखा, “मेरे कैमरे से थोड़ा सा अबू धाबी का प्यार। एक्सप्लोर कर रही हूं, हंस रही हूं और यादें बना रही हूं।” इस ट्रिप के दौरान अंकिता और विक्की ने वंडर वुमन थीम पार्क से लेकर वार्नर ब्रदर्स के फन जोन तक कई जगहों को एक्सप्लोर किया। लेकिन सबसे ज्यादा चर्चा उस तस्वीर की हो रही है जिसमें अंकिता जीन्स और टॉप के साथ हिजाब पहने नजर आ रही हैं। तस्वीर में उनके साथ विक्की जैन भी दिखाई दे रहे हैं। दोनों ने मस्जिद में जाकर भी तस्वीरें क्लिक कराईं।

अब सोशल मीडिया पर कुछ लोगों को अंकिता का यह अंदाज पसंद नहीं आया। कई यूजर्स ने इसे लेकर नाराजगी जाहिर की और उन्हें ट्रोल करना शुरू कर दिया।
एक यूजर ने लिखा, “अंकिता तुम मुझे बहुत पसंद थीं, बिग बॉस से और खासकर लाफ्टर शेफ्स के बाद और भी ज्यादा पसंद आने लगी थीं, लेकिन आज की तस्वीर देखकर बहुत निराश हूं।”

दूसरे यूजर ने लिखा, “क्या आपके तथाकथित मुस्लिम मित्र तिलक लगा सकते हैं? क्या वे मंदिर जा सकते हैं? क्या वे आपकी तरह जय श्री राम बोल सकते हैं?”

वहीं एक अन्य यूजर ने सवाल करते हुए लिखा, “दोनों मुस्लिम बन गए क्या?”

इस तरह सोशल मीडिया पर अंकिता लोखंडे को हिजाब पहनने की वजह से काफी ट्रोलिंग का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग उनकी पुरानी गौसेवा वाली तस्वीरों को भी जोड़कर उन्हें निशाने पर ले रहे हैं।
हालांकि यह पहली बार नहीं है जब अंकिता हिजाब में नजर आई हों। इससे पहले साल 2025 में भी उन्होंने एक वीडियो शेयर किया था, जिसमें वह एयरपोर्ट पर हिजाब पहने हुए “आदाब” बोलती दिखाई दी थीं। उस वक्त भी सोशल मीडिया पर इसे लेकर चर्चा हुई थी।
बता दें कि कुछ समय पहले अंकिता और विक्की जैन आध्यात्मिक गुरु श्री श्री रविशंकर की बेंगलुरु स्थित गौशाला भी पहुंचे थे, जहां दोनों ने गौसेवा की थी। उस दौरान दोनों के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुई थीं।
विक्की जैन ने अपने वीडियो में कहा था, “ये अद्भुत अनुभव था और इससे बेहतर अनुभव आपको कहीं नहीं मिलेगा। यहां की हर गाय में एक खास बात है और कोई भी गुस्सैल नहीं है।” वहीं अंकिता भी उस दौरान काफी खुश नजर आई थीं।
