अभिषेक बनर्जी को पड़ी मार तो राहुल ने तुरंत ममता को लगाया कॉल!
राजनीति में अक्सर वार किसी एक पर होता है, लेकिन उसकी गूंज कई नेताओं तक पहुंच जाती है। इस बार मार पड़ी अभिषेक बनर्जी को, लेकिन सियासी दर्द राहुल गांधी तक महसूस किया जा रहा है। यानी झटका अभिषेक बनर्जी को लगा, लेकिन सियासी करंट राहुल गांधी तक पहुंच गया। एक तरह से जवाब पूरे विपक्ष को मिला कि जनता उनसे कितनी नाराज़ है।
अभिषेक बनर्जी पर हुआ हमला
टीएमसी नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी को लेकर चौंकाने वाली खबर सामने आई है। उन पर हमला हुआ है, जिसके बाद पार्टी में चिंता का माहौल है। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है और विपक्षी खेमे में भी हलचल तेज हो गई है।
क्या है पूरा मामला ?
यह मामला दक्षिण 24 परगना जिले के सोनारपुर में चुनाव बाद हुई हिंसा से जुड़ा है। हिंसा से प्रभावित परिवारों से मिलने के लिए अभिषेक बनर्जी वहां पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ अज्ञात लोगों ने उनके काफिले पर पथराव कर दिया।
इतना ही नहीं, प्रदर्शनकारियों ने उन पर जूते-चप्पल और अंडे भी फेंके। स्थिति तनावपूर्ण हो गई और कुछ लोग उनके काफी करीब पहुंचने की कोशिश करने लगे। हालांकि, पुलिस ने तुरंत हस्तक्षेप करते हुए अभिषेक बनर्जी को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। घटना के दौरान वह पुलिस का हेलमेट पहने नजर आए और उनकी शर्ट भी फटी हुई दिखाई दी।
ममता बनर्जी ने किया बड़ा खुलासा
इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने एक बड़ा खुलासा किया। कोलकाता में पत्रकारों से बातचीत के दौरान उन्होंने बताया कि राहुल गांधी ने उन्हें फोन किया था।
ममता बनर्जी के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा, “अगर किसी भी चीज़ की जरूरत हो तो मुझे बताइए। जरूरत पड़ने पर अभिषेक बनर्जी को इलाज के लिए हैदराबाद या कहीं और ले जाने की व्यवस्था भी की जा सकती है।”
इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा शुरू हो गई कि चोट अभिषेक बनर्जी को लगी, लेकिन चिंता राहुल गांधी को सबसे ज्यादा हुई।
राहुल गांधी ने X पर जताई चिंता
राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर भी इस घटना की निंदा की। उन्होंने लिखा कि सोनारपुर में सांसद अभिषेक बनर्जी पर हुआ हमला बेहद निंदनीय है। उन्होंने कहा कि किसी सांसद पर हमला केवल एक व्यक्ति पर नहीं, बल्कि लोकतंत्र और जनता की भावना पर हमला है।

राहुल गांधी ने आगे आरोप लगाया कि यह भाजपा की बदले की राजनीति का उदाहरण है और राजनीतिक मतभेद कभी हिंसा का कारण नहीं बनने चाहिए। उन्होंने केंद्र और पश्चिम बंगाल सरकार से दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
अभिषेक बनर्जी ने दिया जवाब
राहुल गांधी के समर्थन पर अभिषेक बनर्जी ने उनका धन्यवाद किया। उन्होंने कहा कि वे लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट हैं।

अभिषेक बनर्जी ने कहा, “राहुल जी, आपके समर्थन और चिंता के लिए धन्यवाद। हम भारत की आत्मा, लोकतांत्रिक संस्थाओं और संविधान में निहित मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट और दृढ़ हैं।”
उन्होंने यह भी कहा कि इंडी गठबंधन लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए भाजपा के खिलाफ अपनी लड़ाई जारी रखेगा।
पुलिस ने पांच लोगों को किया गिरफ्तार
घटना के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अब तक पांच लोगों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में तपन माइती और आकाश भी शामिल हैं, जिन्हें घटना से जुड़े वीडियो में कथित तौर पर देखा गया था। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
