‘वह अखिलेश यादव की जाति की नहीं थी, यही कसूर था’: पूजा पाल का सपा प्रमुख पर बड़ा हमला, बोलीं- सपाई गुंडों की शिकार बनी मेरे समाज की बेटी
लखनऊ/आगरा: समाजवादी पार्टी (सपा) से निष्कासित और चायल (कौशांबी) से विधायक पूजा पाल ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। पूजा पाल ने एक वीडियो संदेश जारी कर सपा पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि पूरे उत्तर प्रदेश में सपा समर्थित अपराधी और गुंडे आतंक मचा रहे हैं।
पूजा पाल ने कौशांबी जिले में पाल समाज की एक 19 वर्षीय बेटी की हत्या का जिक्र करते हुए भावुक और आक्रामक अंदाज में कहा, “सपा के गुर्गों का शिकार पाल समाज की एक मासूम बिटिया बनी है। उसका सिर्फ इतना ही दोष है कि वह अखिलेश यादव की जाति से नहीं है। आरोपियों को समाजवादी पार्टी का पूरा संरक्षण प्राप्त है।”
2027 चुनाव से पहले ओबीसी समाज को डराने का आरोप पूजा पाल ने 2 मिनट 21 सेकंड का वीडियो शेयर करते हुए कहा कि जैसे-जैसे 2027 का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, वैसे-वैसे सपाई गुंडे ओबीसी (OBC) समाज की विभिन्न जातियों पर हमले तेज कर रहे हैं। उन्होंने बाराबंकी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि हाल ही में वहां सेना के एक जवान को सपा कार्यकर्ताओं ने सरेआम पीटा। यह ‘सपा का ल्यारी राज’ है, जहां चुनाव से पहले लोगों को धमकाया और प्रताड़ित किया जा रहा है।
अखिलेश यादव पर साधा निशाना, सीएम योगी की तारीफ की विधायक ने सीधे अखिलेश यादव को कटघरे में खड़ा करते हुए कहा कि उन्होंने अपने गुंडों को पूरी छूट दे रखी है और उनका मौन समर्थन अपराधियों के साथ है। उन्होंने आगे कहा, “यह यूपी का सौभाग्य और सपा गिरोह का दुर्भाग्य है कि हमारे राज्य में एक धुरंधर मुख्यमंत्री (योगी आदित्यनाथ) हैं।” पूजा पाल ने कहा कि वह पाल समाज की लड़ाई के लिए हमेशा खड़ी रही हैं और इन सपाई गुंडों के सामने कभी नहीं झुकेंगी।
क्या था पूरा मामला? कौशांबी जिले के चक सहाबुद्दीनपुर गांव की रहने वाली किरन पाल (19) की 5 अप्रैल को गला दबाकर हत्या कर दी गई थी और शव को पेड़ से लटका दिया गया था। मृतका के परिवार का आरोप है कि उनकी भैंस दूसरे पक्ष के खेत में चली गई थी, जिसके बाद बब्बू यादव और उसके परिवार के लोगों ने विवाद किया और इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पूजा पाल के हस्तक्षेप और मौके पर पहुंचने के बाद ही पुलिस ने इस मामले में तत्परता दिखाते हुए एफआईआर दर्ज की थी।
