Yash Dayal: यौन शोषण के आरोपों से राहत के बाद यश दयाल की वापसी, UP T20 लीग में खेलेंगे
नई दिल्ली/लखनऊ:तेज गेंदबाज यश दयाल के फैंस के लिए एक बड़ी और अच्छी खबर सामने आई है। पिछले कुछ समय से विवादों और कानूनी कार्यवाही के चलते क्रिकेट मैदान से दूर रहे यश दयाल अब एक बार फिर एक्शन में नजर आने वाले हैं। उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) उन्हें घरेलू और लीग क्रिकेट खेलने के लिए नो ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट (NOC) जारी करने जा रहा है। इसके साथ ही वे आगामी UP T20 लीग 2026 में खेलते हुए दिखाई देंगे।
गोरखपुर लायंस ने किया रिटेन
टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के अनुसार, यूपी टी20 लीग की फ्रेंचाइजी गोरखपुर लायंस ने आगामी सीजन के लिए यश दयाल को रिटेन कर लिया है। यश दयाल के अलावा फ्रेंचाइजी ने आर्यन जुयाल और सिद्धार्थ यादव को भी अपनी टीम में बरकरार रखा है। यूपी टी20 लीग की गवर्निंग काउंसिल के चेयरमैन संजय कपूर ने भी इस बात की पुष्टि की है कि यश दयाल आगामी सीजन के लिए पूरी तरह उपलब्ध रहेंगे।
UPCA सचिव ने दी बड़ी जानकारी
यश दयाल की वापसी पर बात करते हुए यूपीसीए (UPCA) के सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने कहा, “यश दयाल को डोमेस्टिक और लीग क्रिकेट खेलने के लिए एसोसिएशन की तरफ से एनओसी दी जाएगी। उनकी सभी कानूनी प्रक्रियाएं और मामले अब सुलझ चुके हैं।”
RCB से हुए थे बाहर
गौरतलब है कि आईपीएल 2026 से पहले यश दयाल पर एक युवती ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए थे, जिसके बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने उन्हें टीम से बाहर रखने का फैसला किया था। हालांकि, कानूनी मोर्चे पर राहत मिलने और सभी सेटलमेंट होने के बाद अब उनकी मैदान पर वापसी का रास्ता साफ हो गया है। इसके अलावा हाल ही में उन्होंने अपनी मंगेतर श्वेता पुंडीर के साथ शादी भी रचाई है।
जुलाई में होगा मिनी ऑक्शन
यूपी टी20 लीग के अगले सीजन के लिए मिनी ऑक्शन जुलाई के तीसरे या चौथे हफ्ते में आयोजित किया जा सकता है। इस बार ऑक्शन के आयोजन के लिए आगरा और नोएडा जैसे नए शहरों के नाम पर विचार किया जा रहा है ताकि लीग को बड़े स्तर पर प्रमोट किया जा सके। अगर वहां लॉजिस्टिक्स से जुड़ी चीजें फाइनल नहीं होती हैं, तो लखनऊ को बैकअप वेन्यू के तौर पर तैयार रखा गया है।
