शादी के 10 साल बाद दिव्यांका त्रिपाठी बनीं मां, इंस्टाग्राम अकाउंट पर पोस्ट शेयर कर दी जानकारी
टीवी इंडस्ट्री की पॉपुलर अभिनेत्री दिव्यांका त्रिपाठी को लेकर बड़ी खुशखबरी सामने आई है। शादी के 10 साल बाद दिव्यांका मां बन गई हैं। बताया जा रहा है कि उन्होंने जुड़वां बेटों को जन्म दिया है, जिसके बाद उनके परिवार में खुशी का माहौल है। इस खबर के सामने आते ही सोशल मीडिया पर फैंस लगातार उन्हें बधाइयां दे रहे हैं और कपल के लिए अपनी खुशी जाहिर कर रहे हैं।
दिव्यांका त्रिपाठी और विवेक दहिया टीवी इंडस्ट्री के सबसे पसंदीदा कपल्स में गिने जाते हैं। दोनों की जोड़ी को फैंस हमेशा से काफी पसंद करते आए हैं। लंबे समय से फैंस इस खुशखबरी का इंतजार कर रहे थे और अब आखिरकार कपल ने खुद इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपने माता-पिता बनने की जानकारी साझा की है। पोस्ट सामने आते ही टीवी जगत के कई सितारों ने भी उन्हें ढेरों शुभकामनाएं दी हैं।
दिव्यांका और विवेक ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट शेयर किया, जिसमें दो बेबी बॉयज की तस्वीर के साथ लिखा है, “हमने भगवान से खुशियां मांगीं। उन्होंने कहा, डबल लो।” साथ ही उन्होंने बताया कि उन्हें जुड़वां बेटे हुए हैं। वहीं, पोस्ट के कैप्शन में लिखा गया, “आखिरकार इंतजार खत्म हुआ। ‘द बॉयज’ आ गए हैं और जिंदगी पहले से कहीं ज्यादा खूबसूरत लग रही है। मेरे करण-अर्जुन आ गए। दिव्यांका और मैं माता-पिता बनने के इस नए और खूबसूरत चैप्टर की शुरुआत कर रहे हैं, इसलिए हमें आप सभी के प्यार और आशीर्वाद की जरूरत है।”

सोशल मीडिया पर दिव्यांका और विवेक की पोस्ट तेजी से वायरल हो रही है। फैंस लगातार कमेंट कर दोनों को नई जिंदगी की शुरुआत के लिए बधाई दे रहे हैं। हालांकि, कपल ने अभी तक अपने बच्चों की तस्वीर साझा नहीं की है, लेकिन इस खबर ने उनके चाहने वालों की खुशी जरूर दोगुनी कर दी है। अब हर किसी को दिव्यांका और उनके जुड़वां बेटों की पहली झलक का इंतजार है।
