पीएम मोदी ने जकार्ता में किया शाहरुख खान की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का ज़िक्र, करण जौहर ने जताई खुशी
एक समय ऐसा था जब बॉलीवुड लगातार बॉयकॉट ट्रेंड और आलोचनाओं का सामना कर रहा था। खासकर बॉलीवुड के बड़े सितारे, जिनमें खान कलाकार भी शामिल थे, अक्सर सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बने रहे। लेकिन अब एक अलग ही वजह से बॉलीवुड सुर्खियों में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शाहरुख खान की सुपरहिट फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का ज़िक्र किया, जिसके बाद यह बयान चर्चा का विषय बन गया।
जकार्ता में पीएम मोदी का भव्य स्वागत
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने तीन देशों के दौरे के पहले चरण में मंगलवार को इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता पहुंचे, जहां उनका औपचारिक स्वागत किया गया। इस दौरान उन्होंने भारतीय समुदाय को संबोधित करते हुए भारत और इंडोनेशिया के सांस्कृतिक रिश्तों की चर्चा की और दोनों देशों के बीच बॉलीवुड के प्रभाव का भी उल्लेख किया।
‘कुछ कुछ होता है’ का किया ज़िक्र
अपने संबोधन के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, “यहां भारत का गाना ‘कुछ कुछ होता है’ बहुत ज्यादा लोकप्रिय है। आज मैंने राष्ट्रपति प्राबोवो से कहा कि जब भारत और इंडोनेशिया जैसे दो महान देश मिलकर आगे बढ़ते हैं, तो यह सिर्फ ‘कुछ कुछ’ नहीं रह जाता, बल्कि ‘बहुत कुछ होता है’ बन जाता है।”
प्रधानमंत्री के इस बयान को सुनकर वहां मौजूद लोगों ने भी उत्साह जताया। उनका यह बयान सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
करण जौहर और धर्मा प्रोडक्शंस ने जताया गर्व
प्रधानमंत्री द्वारा वैश्विक मंच पर शाहरुख खान की फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ का ज़िक्र किए जाने के बाद फिल्म के निर्माता-निर्देशक करण जौहर की प्रोडक्शन हाउस धर्मा प्रोडक्शंस ने खुशी जाहिर की।
धर्मा प्रोडक्शंस ने अपने आधिकारिक अकाउंट पर पीएम मोदी के भाषण की एक वीडियो क्लिप साझा करते हुए लिखा, “सिनेमा और संगीत के पास सीमाओं को लांघने और पूरी दुनिया के लोगों को एक साथ जोड़ने का एक बेहद अनोखा और जादुई तरीका होता है। हमारे माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी ने जकार्ता में हमारी फिल्म ‘कुछ कुछ होता है’ को दुनियाभर में मिल रहे इसी प्यार और सराहना का ज़िक्र किया। यह हमारे लिए बेहद गर्व की बात है और हम इसके लिए सम्मानित महसूस कर रहे हैं।”
