कांग्रेस नेता अजय कुमार ने सिक्किम को बताया ‘पड़ोसी देश’, बयान पर मचा सियासी विवाद
अजय कुमार (फाइल इमेज)
सिक्किम… जो 1975 से भारत का अभिन्न अंग है… लेकिन कांग्रेस उसे दूसरा देश बताती है। जिस सिक्किम को संवैधानिक तौर पर 22वें राज्य के रूप में साल 1975 में भारत में शामिल किया गया, उसी सिक्किम को कांग्रेस के एक वरिष्ठ नेता ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ‘पड़ोसी देश’ बता दिया। अब इस बयान को लेकर राजनीतिक विवाद तेज़ हो गया है।
सोशल मीडिया पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व IPS अधिकारी अजय कुमार का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में वह भारत सरकार की विदेश नीति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बोलते हुए सिक्किम का जिक्र करते हैं और उसे “पड़ोसी देश” कह देते हैं।
विदेश नीति पर प्रेस कॉन्फ्रेंस, लेकिन बयान पर मचा बवाल
यह प्रेस कॉन्फ्रेंस केंद्र सरकार की विदेश नीति की आलोचना करने के लिए आयोजित की गई थी। इसी दौरान अजय कुमार ने कहा कि “देश के इतिहास में पहली बार हमने अपने पड़ोसी देशों के साथ संबंध खराब कर लिए हैं।” इसके बाद उन्होंने जिन देशों का जिक्र किया, उसमें सिक्किम का भी उल्लेख किया, जिससे विवाद खड़ा हो गया।
सिक्किम भारत का संवैधानिक राज्य है और 1975 में जनमत संग्रह के बाद भारतीय संघ का 22वां राज्य बना था। ऐसे में कांग्रेस नेता के बयान पर सवाल उठने लगे।
बीजेपी ने साधा निशाना
अजय कुमार के बयान का वीडियो वायरल होने के बाद बीजेपी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर कांग्रेस पर हमला बोला। पार्टी ने पोस्ट करते हुए लिखा, “जैसा गुरु, वैसा चेला।”
बीजेपी का आरोप है कि कांग्रेस के नेताओं की ओर से लगातार तथ्यों से परे बयान दिए जा रहे हैं।
राहुल गांधी के पुराने विवाद का भी हुआ जिक्र
इस विवाद के बीच कांग्रेस नेता राहुल गांधी का एक पुराना बयान भी फिर चर्चा में आ गया।
बजट सत्र के दौरान राहुल गांधी ने पूर्व थलसेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की पुस्तक को लेकर दावा किया था कि सरकार उसकी प्रकाशन प्रक्रिया में बाधा डाल रही है क्योंकि उसमें गलवान संघर्ष से जुड़े महत्वपूर्ण तथ्य मौजूद हैं।
हालांकि बाद में स्वयं जनरल नरवणे ने स्पष्ट किया था कि उनकी पुस्तक किसी गोपनीय दस्तावेज़ पर आधारित नहीं है, बल्कि उनके व्यक्तिगत अनुभवों और विचारों पर आधारित है। उन्होंने यह भी कहा था कि सरकार की ओर से पुस्तक के प्रकाशन में किसी प्रकार की रोक नहीं लगाई गई थी।
सियासी बयानबाज़ी तेज़
अजय कुमार के सिक्किम संबंधी बयान के बाद कांग्रेस और बीजेपी के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज़ हो गया है। बीजेपी इसे कांग्रेस की तथ्यात्मक चूक बता रही है, जबकि कांग्रेस की ओर से इस बयान पर आधिकारिक प्रतिक्रिया का इंतजार है।
फिलहाल सोशल मीडिया पर यह वीडियो तेजी से साझा किया जा रहा है और सिक्किम को लेकर दिया गया बयान राजनीतिक बहस का विषय बन गया है।
