अखिलेश यादव के एक ट्वीट से बढ़ी सियासी हलचल, क्या मानसून सत्र में मोदी सरकार का साथ देगी समाजवादी पार्टी?
मानसून सत्र से पहले अखिलेश यादव के एक ट्वीट ने सियासत के गलियारों की सरगर्मी बढ़ा दी है। ऐसी गर्मी बढ़ी है, जिसकी तपिश पीएमओ से लेकर संसद भवन तक महसूस की जा रही है। आपको याद होगा, जब बजट सत्र के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लोकसभा में अखिलेश यादव को अपना “मित्र” कहा था। अब उसी दोस्ती की चर्चा एक बार फिर तेज़ हो गई है।
दरअसल, समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट करते हुए तीन अहम मांगें रखीं। उन्होंने लिखा कि परिसीमन बिल के माध्यम से राज्यसभा में भी सीटें बढ़ाई जाएं, महिला आरक्षण के तहत PDA में शामिल पिछड़े वर्गों और अल्पसंख्यक मुस्लिम महिलाओं का उचित प्रतिनिधित्व सुनिश्चित किया जाए, और महिला आरक्षण को 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से ही लागू किया जाए।
क्या संकेत दे रहा है अखिलेश यादव का ट्वीट?
अखिलेश यादव का यह ट्वीट ऐसे समय आया है, जब राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि केंद्र सरकार आगामी मानसून सत्र में परिसीमन और महिला आरक्षण कानून में संशोधन से जुड़ा विधेयक ला सकती है।
अखिलेश यादव की पोस्ट को लेकर यह चर्चा भी शुरू हो गई है कि वह मौजूदा स्वरूप में परिसीमन और महिला आरक्षण के पूरी तरह विरोध में नहीं हैं। हालांकि उन्होंने महिला आरक्षण के भीतर PDA और अल्पसंख्यक मुस्लिम महिलाओं के प्रतिनिधित्व की मांग जरूर उठाई है।
पीएम मोदी के ‘मित्र’ वाले बयान की फिर चर्चा
इस पूरे घटनाक्रम के बीच अप्रैल 2026 का वह संसदीय बयान भी फिर चर्चा में आ गया है।
16 अप्रैल 2026 को संसद में महिला आरक्षण और परिसीमन के मुद्दे पर चर्चा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था, “अखिलेश जी मेरे मित्र हैं, जो कभी-कभी हमारी मदद कर देते हैं।”
हालांकि उस समय समाजवादी पार्टी ने सरकार का साथ नहीं दिया था, जिसके चलते सरकार आवश्यक दो-तिहाई समर्थन हासिल नहीं कर सकी थी।
क्या मानसून सत्र में बदलेगा समीकरण?
अब राजनीतिक विश्लेषकों की नजर इस बात पर है कि क्या केंद्र सरकार अखिलेश यादव की ओर से रखी गई मांगों पर विचार करेगी।
अगर ऐसा होता है और सरकार उनकी कुछ मांगें स्वीकार करती है, तो यह संभावना जताई जा रही है कि मानसून सत्र में समाजवादी पार्टी परिसीमन और महिला आरक्षण कानून से जुड़े संशोधन विधेयक का समर्थन कर सकती है।
यही वजह है कि इस ट्वीट को सिर्फ एक सामान्य राजनीतिक बयान नहीं, बल्कि संभावित संसदीय रणनीति के संकेत के रूप में भी देखा जा रहा है।
क्या INDIA गठबंधन पर पड़ेगा असर?
इस पूरे घटनाक्रम ने विपक्षी गठबंधन INDIA को लेकर भी नई चर्चाओं को जन्म दे दिया है।
अगर भविष्य में समाजवादी पार्टी संसद में सरकार के साथ खड़ी दिखाई देती है, तो इसका असर विपक्षी एकजुटता पर भी पड़ सकता है। खासतौर पर कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के संबंधों को लेकर भी नए सवाल खड़े हो सकते हैं।
फिलहाल यह केवल राजनीतिक अटकलों का दौर है। मानसून सत्र में सरकार कौन-सा विधेयक लाती है, विपक्ष का रुख क्या रहता है और समाजवादी पार्टी किस तरह का फैसला लेती है, इस पर सबकी नजर बनी हुई है।
