बिहार में सुरक्षा कटौती पर गरमाई राजनीति, तेज प्रताप यादव ने बिहार सरकार पर साधा निशाना
बिहार की सियासत में पिछले कुछ समय से लालू प्रसाद यादव का परिवार लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इसकी सबसे बड़ी वजह राज्य सरकार का वह फैसला रहा, जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री लालू यादव, राबड़ी देवी और आरजेडी नेता तेज प्रताप यादव समेत परिवार के कुछ सदस्यों को दी गई सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव करते हुए उसे कम कर दिया गया। इस कदम के बाद राजनीतिक गलियारों में बहस तेज हो गई और विपक्ष ने इसे लेकर सरकार की मंशा पर सवाल उठाने शुरू कर दिए। वहीं, इस मुद्दे ने बिहार की राजनीति में एक नई चर्चा को जन्म दे दिया है। जहां अब लालू यादव के बाद लालू यादव के बेटे और जनशक्ति जनता दल प्रमुख तेज प्रताप यादव ने भी इस मुद्दे पर सरकार को घेरा है।
तेज प्रताप यादव ने सुरक्षा हटाने के सवाल पर कहा, “दिल्ली में बैठकर नीतीश कुमार कर रहे होंगे. उनका काम क्या है। जो उन्होंने कहा है तो सच ही होगा. गलत तो नहीं कहेंगे. नीतीश कुमार कर रहे होंगे. खेल रच रहे होंगे, क्योंकि शुरू से वे खेल रचे हैं” लालू परिवार से बदला लिए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा “बदला लिया जा रहा है या नहीं ये तो नीतीश कुमार ही बताएंगे कि बदला ले रहे हैं या क्या कर रहे हैं.” तेज प्रताप यादव ने नीतीश कुमार के बेटे और बिहार के स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार पर भी निशाना साधा।
उन्होंने कहा, “नीतीश कुमार का बेटा तो कुछ नहीं था फिर भी सुरक्षा बढ़ाई गई” आगे तेज प्रताप यादव ने पूछा कि निशांत कुमार क्या चुनाव लड़े थे? चुनाव लड़ जाते तब न कहते कि हां उनको सुरक्षा मिली है. तेज प्रताप यादव ने कहा, “हम लोग अपनी सुरक्षा वापस कर दिए हैं. अपनी सुरक्षा घर ले जाइए” बिहार में कानून व्यवस्था को लेकर तेज प्रताप ने कहा, “लॉ एंड ऑर्डर फेल है न बिहार का भाई….किस तरह बदमाश पुलिस के ऊपर पिस्टल लहरा रहा है. यह कैसा प्रशासन है? कैसे मुख्यमंत्री हैं भाई….?”
बता दें, लालू यादव ने भी मीडिया से बात करते हुए इस मुद्दे पर बयान दिया था। उन्होंने कहा था कि “ये सब नीतीश कुमार ने करवाया है।” लालू यादव से पत्रकारों ने पूछा कि सुरक्षा किसने हटवाई है। उसके बाद लालू यादव ने जवाब देते हुए कहा कि ये सब नीतीश कुमार ने करवाया है।
लालू यादव के बयान के बाद यह मामला बिहार की राजनीति में एक बड़ा विवाद बन गया है और आने वाले दिनों में इस पर सियासी घमासान और तेज होने की संभावना है।
