CJP प्रदर्शन पर TVK का बड़ा बयान, NEET खत्म करने की मांग, राहुल गांधी की हिरासत की निंदा
पेपर लीक मामले को लेकर दिल्ली में हुए विरोध प्रदर्शन के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने भी इस पूरे घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया दी है। पार्टी ने दिल्ली पुलिस की कार्रवाई की आलोचना करते हुए केंद्र सरकार से NEET परीक्षा को पूरी तरह समाप्त करने की मांग की है।
दिल्ली में ‘संसद चलो’ मार्च के दौरान हुई झड़प
20 जुलाई को पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने ‘संसद चलो’ मार्च का आयोजन किया। जंतर-मंतर से संसद की ओर बढ़ रहे प्रदर्शनकारियों को रोकने के दौरान दिल्ली पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। इस दौरान कई पुलिसकर्मियों के घायल होने की भी खबरें सामने आईं।
राहुल गांधी के धरने के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद
प्रदर्शन के अगले दिन कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर 7 लोक कल्याण मार्ग के बाहर धरना दिया।
इस दौरान राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव समेत कई विपक्षी नेताओं और कार्यकर्ताओं को दिल्ली पुलिस ने हिरासत में लिया।
TVK ने क्या कहा?
इस पूरे घटनाक्रम पर तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट जारी कर पुलिस कार्रवाई की आलोचना की।
पार्टी ने लिखा “राजधानी में लोकतंत्र का यह दमन घोर निंदनीय है। दिल्ली में युवाओं के अहिंसक विरोध प्रदर्शन के समर्थन में पहुंचे लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी को दिल्ली पुलिस द्वारा घसीटकर हिरासत में लेना लोकतांत्रिक अधिकारों पर खुला हमला है।”
NEET परीक्षा खत्म करने की मांग
TVK ने अपने बयान में NEET परीक्षा को लेकर भी केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
पार्टी ने कहा “NEET लागू होने के बाद से इसकी विश्वसनीयता पर लगातार सवाल उठे हैं। छात्र मानसिक तनाव का सामना कर रहे हैं और उनके भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। हर वर्ष छात्रों को होने वाला नुकसान रुकने का नाम नहीं ले रहा। इसलिए केंद्र सरकार से NEET परीक्षा को पूरी तरह समाप्त करने की पुरजोर मांग की जाती है।”
