समाजवादी पार्टी घोषित रामद्रोही है’… कुशीनगर में विपक्ष पर बरसे सीएम योगी, यूपी चुनाव से पहले तय कर दिए तेवर
कुशीनगर: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव में भले ही अभी कुछ महीनों का वक्त बचा हो, लेकिन सूबे की सियासत का तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पूरी तरह से चुनावी मोड में नजर आ रहे हैं। कुशीनगर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी ने विपक्ष पर तीखा हमला बोला। उन्होंने समाजवादी पार्टी को आड़े हाथों लेते हुए उसे सीधे ‘घोषित रामद्रोही’ करार दिया। मुख्यमंत्री के इस कड़े रुख से साफ है कि आगामी चुनाव में बीजेपी विकास के साथ-साथ हिंदुत्व और कानून व्यवस्था के अपने कोर एजेंडे को लेकर जनता के बीच जाएगी।
‘सपा-कांग्रेस ने राम मंदिर निर्माण में डाली बाधाएं’ जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम योगी आदित्यनाथ ने राम मंदिर आंदोलन के इतिहास और संघर्ष का जिक्र किया। उन्होंने कहा, “498 वर्ष पहले राम मंदिर को तोड़ा गया था। आजादी के बाद भी कई दशक बीत गए, कई पीढ़ियां खप गईं और लोग मंदिर के लिए संघर्ष करते रहे। भगवान राम से पूरे देश की भावनाएं जुड़ी थीं, लेकिन अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के काम को गति तब मिल पाई, जब केंद्र और राज्य में डबल इंजन की भाजपा सरकार आई।”
सीएम योगी ने आगे कहा कि कांग्रेस चाहती तो आजादी के बाद ही मंदिर बनवा सकती थी, लेकिन उसने ऐसा नहीं होने दिया। वहीं समाजवादी पार्टी पर सीधा हमला बोलते हुए उन्होंने कहा, “सपा घोषित रामद्रोही है। ये लोग कभी नहीं चाहते थे कि राम मंदिर का निर्माण हो, इसलिए इन लोगों ने लगातार राह में बाधाएं पैदा करने का काम किया।”
आधुनिक अयोध्या कराती है त्रेतायुग का अहसास बीजेपी के पुराने नारे और संकल्प को याद करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “रामभक्तों ने संकल्प लिया था कि- रामलला हम आएंगे, मंदिर वहीं बनाएंगे। आज अयोध्या में भगवान राम का भव्य मंदिर बनकर तैयार हो चुका है। आज से 10 साल पहले की अयोध्या और आज की अयोध्या में जमीन-आसमान का अंतर है। जो भी आज वहां जाएगा, वह पुरानी अयोध्या को पहचान नहीं पाएगा। आधुनिक अयोध्या अब त्रेतायुग का स्मरण कराती है, जहां जाकर लगता है कि साक्षात प्रभु राम का आशीर्वाद मिल रहा है।”
पाकिस्तान और ब्रह्मोस मिसाइल का भी किया जिक्र अपने भाषण में सीएम योगी ने सिर्फ घरेलू राजनीति ही नहीं, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर भी बात की। उन्होंने पुलवामा हमले का जिक्र करते हुए कहा कि आज लखनऊ में बन रही ब्रह्मोस मिसाइल से दुश्मन देश (पाकिस्तान) थर-थर कांप रहा है। इसके साथ ही उन्होंने दो दिन पहले मौलानाओं को गौमाता को राष्ट्रीय पशु घोषित किए जाने की मांग पर अपने अंदाज में समझाने और त्योहारों पर सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों को कड़ा संदेश देने की बात भी दोहराई।
अखिलेश की ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ की काट है योगी के कड़े तेवर? राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पिछले कुछ समय से समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव अपनी रणनीति बदल रहे हैं। वे मंदिरों के चक्कर लगा रहे हैं, केदारेश्वर मंदिर के निर्माण की बात कर रहे हैं और ‘सॉफ्ट हिंदुत्व’ के जरिए बीजेपी के वोट बैंक में सेंध लगाने की कोशिश में हैं। अखिलेश की इसी बदली रणनीति को नाकाम करने के लिए सीएम योगी आदित्यनाथ ने अपने तेवर और कड़े कर लिए हैं। कुशीनगर की रैली में भीषण गर्मी के बावजूद उमड़ी भीड़ और सीएम के बयानों को मिला जनसमर्थन यह साफ इशारा कर रहा है कि यूपी की चुनावी जंग बेहद दिलचस्प होने वाली है।
