जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के नाम पर बवाल: सोशल मीडिया पर दिल्ली-एनसीआर में ‘आग लगाने’ की धमकी का वीडियो वायरल, कार्रवाई की मांग
देश की राजधानी दिल्ली का जंतर-मंतर एक बार फिर विवादों के केंद्र में है। 20 जून से चल रहे ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) के प्रदर्शन के बीच एक बेहद चौंकाने वाला और भड़काऊ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इस वीडियो के सामने आने के बाद दिल्ली की सुरक्षा व्यवस्था और प्रदर्शनकारियों की नीयत पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। खुलेआम ऑन-कैमरा दिल्ली-एनसीआर को दंगों की आग में झोंकने की धमकी दी जा रही है, जिसके बाद सोशल मीडिया पर लोग दिल्ली पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।
15 सेकंड के वायरल वीडियो ने मचाया हड़कंप
सोशल मीडिया पर तेज़ी से प्रसारित हो रही महज़ 15 सेकंड की इस वीडियो क्लिप में CJP के फाउंडर अभिजीत दीपके भी नज़र आ रहे हैं। वीडियो में दिख रहा है कि दीपके के ठीक बगल में खड़ा एक अज्ञात शख्स हाथ में मोबाइल लेकर सेल्फी वीडियो रिकॉर्ड कर रहा है। वह शख्स अभिजीत दीपके के कंधे पर हाथ रखकर कहता है:
“तो ग्रेटर नोएडा के मेरे जितने भी भाई देख रहे हैं ना… फुल सपोर्ट है तन-मन-धन से। पूरे दिल्ली-एनसीआर में आग लगा देंगे अगर भाई पर बात आ गई तो।”
इस वीडियो के सामने आने के बाद हड़कंप मच गया है। सवाल उठाए जा रहे हैं कि क्या प्रदर्शनकारियों और उनके समर्थकों द्वारा दिल्ली में कानून-व्यवस्था को बिगाड़ने का कोई बड़ा ब्लूप्रिंट या टूलकिट तैयार किया जा चुका है?
भीड़ गायब, यूट्यूबर्स और रील्स बनाने वालों का लगा जमावड़ा
जमीनी हकीकत की बात करें तो 20 जून से शुरू हुए इस प्रदर्शन को आम जनता का समर्थन मिलता नहीं दिख रहा है। उम्मीद के मुताबिक जंतर-मंतर पर भीड़ जुटाने में आयोजक पूरी तरह नाकाम रहे हैं। हालांकि, भीड़ न होने के बावजूद वहां बड़ी संख्या में यूट्यूबर और सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स डेरा डाले हुए हैं। आरोप लग रहे हैं कि यह धरना स्थल अब गंभीर मुद्दों पर चर्चा के बजाय सस्ते यूट्यूबर्स और रील्स बनाने वालों के लिए एक ‘पिकनिक स्पॉट’ और वायरल वीडियो बनाने का जरिया बनकर रह गया है।
क्या यह किसी बड़ी साज़िश का हिस्सा है?
इस पूरे घटनाक्रम के बाद अब कई गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या यह भड़काऊ बयानबाजी अचानक हुई या फिर यह किसी सोची-समझी साज़िश का हिस्सा है?
- अगर यह प्रदर्शन छात्रों के मुद्दों और उनकी भलाई के लिए हो रहा है, तो इसमें ‘दिल्ली-एनसीआर को जलाने’ की दंगाई भाषा कहाँ से आ गई?
- क्या अभिजीत दीपके के समर्थन में वीडियो बनाने वाले ये लोग पहले से प्लांटेड थे?
- क्या दिल्ली में एक बार फिर से पुराने दंगों जैसी स्थिति पैदा करने की कोई नई टूलकिट सक्रिय हो रही है?
जानकारों का मानना है कि इस प्रदर्शन के पीछे की नीयत साफ नहीं है और छात्रों के नाम को महज एक मुखौटे की तरह इस्तेमाल किया जा रहा है, जिसके पीछे अराजक तत्व छिपे हो सकते हैं।
दिल्ली पुलिस से गिरफ्तारी की मांग
वीडियो के वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर नेटिजन्स का गुस्सा फूट पड़ा है। लोग लगातार दिल्ली पुलिस को टैग करके इस दंगाई मानसिकता वाले शख्स को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग कर रहे हैं। हालांकि, खबर लिखे जाने तक इस मामले पर दिल्ली पुलिस की तरफ से कोई आधिकारिक बयान या प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, और न ही वीडियो में धमकी देने वाले शख्स की पहचान स्पष्ट हो सकी है। देश विरोधी माहौल बनाने और राजधानी को दहलाने की धमकी देने वाले ऐसे तत्वों पर पुलिस प्रशासन को जल्द से जल्द सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करने की ज़रूरत है।
