नेहा सिंह राठौर और अनुपम खेर के बयान पर छिड़ी बहस, राम मंदिर चढ़ावा चोरी विवाद ने पकड़ा तूल
राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले को लेकर राजनीतिक और सोशल मीडिया पर लगातार बयानबाज़ी जारी है। इसी बीच अभिनेता अनुपम खेर और लोकगायिका नेहा सिंह राठौर के बयानों को लेकर एक नई बहस शुरू हो गई है।
दरअसल, राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुद्दे पर प्रतिक्रिया देते हुए अभिनेता अनुपम खेर ने कुछ दिन पहले एक बयान दिया था, जिसमें उन्होंने ऐतिहासिक संदर्भ देते हुए कहा था कि मंदिरों में सबसे बड़ी लूट उस समय हुई थी जब मुगलों के दौर में मंदिर तोड़े गए, ब्राह्मणों की हत्या हुई, मंदिरों की संपत्ति लूटी गई और महिलाओं पर अत्याचार हुए। उन्होंने कहा कि यदि समाज उस बड़े दर्द से उबर सकता है, तो वर्तमान घटना उससे कहीं छोटी है।
अनुपम खेर के इस बयान पर लोकगायिका नेहा सिंह राठौर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने अनुपम खेर की पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “राम मंदिर की चोरी को मामूली कहने वालों से सावधान रहें। हिंदू धर्म को सबसे ज़्यादा ख़तरा इन्हीं लोगों से है।”
नेहा सिंह राठौर की इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिलीं। कई यूज़र्स ने उनके बयान का समर्थन किया, जबकि कई लोगों ने आरोप लगाया कि उन्होंने अनुपम खेर के पूरे बयान का संदर्भ नहीं देखा और केवल एक हिस्से के आधार पर प्रतिक्रिया दी।
विवाद बढ़ने के बाद अनुपम खेर ने भी एक वीडियो जारी किया। वीडियो में उन्होंने कहा कि “सच से लोगों को सबसे ज़्यादा डर तब लगता है, जब वह उनके एजेंडे के अनुकूल नहीं होता।” उन्होंने अपने पहले दिए गए बयान का बचाव करते हुए कहा कि उनके शब्दों को संदर्भ से हटाकर प्रस्तुत किया जा रहा है।
