उद्धव ठाकरे गुट के नेता विनायक राउत की बहू के आरोपों से मचा बवाल, काला जादू मामले में बाबा गिरफ्तार
उद्धव ठाकरे गुट के एक बड़े नेता… उनके घर की बहू… और आरोप ऐसे कि पूरे महाराष्ट्र की राजनीति में हलचल मच गई। काला जादू, तांत्रिक अनुष्ठान, गौमूत्र पिलाने, बाल नोचने और कथित अघोरी क्रियाओं जैसे आरोपों ने इस मामले को सुर्खियों में ला दिया है। अब इस पूरे प्रकरण में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर एक आरोपी बाबा को गिरफ्तार भी कर लिया है।
गिरिजा राउत ने लगाए गंभीर आरोप
गिरिजा राउत, शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के वरिष्ठ नेता और पूर्व सांसद विनायक राउत की बहू हैं। उन्होंने आरोप लगाया है कि शादी के बाद कई वर्षों तक उनके साथ शारीरिक, मानसिक और आर्थिक प्रताड़ना की गई।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ठाणे के कपूरबावड़ी पुलिस थाने में दर्ज एफआईआर में गिरिजा राउत ने अपने ससुर विनायक राउत, सास, पति गीतेश राउत और परिवार के अन्य सदस्यों समेत कुल सात लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है।
काला जादू और तांत्रिक अनुष्ठान के आरोप
शिकायत में गिरिजा राउत ने आरोप लगाया है कि उन्हें जबरन गौमूत्र पिलाया गया, उनके बाल काटे और नोचे गए तथा उन्हें विभिन्न बाबाओं और तांत्रिकों के पास ले जाकर कथित धार्मिक अनुष्ठानों के नाम पर प्रताड़ित किया गया।
उन्होंने दावा किया कि उनके साथ कई बार ऐसे अनुष्ठान किए गए जिनमें उनकी आंखों पर पट्टी बांधी गई, सिर पर पानी डाला गया, मंत्रोच्चार करते हुए उनके सिर के ऊपर नींबू काटा गया और कथित तौर पर तंत्र-मंत्र की क्रियाएं की गईं।
शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि रत्नागिरी जिले के राजापुर क्षेत्र में एक अन्य कथित बाबा ने कैंची से उनके शरीर पर घाव किए, बाल नोचे और उन्हें राख मिला हुआ काढ़ा पीने के लिए मजबूर किया।
ढोंगी बाबा फिरोज शेख गिरफ्तार
मामले में कार्रवाई करते हुए कपूरबावड़ी पुलिस ने कथित तांत्रिक फिरोज शेख को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार आरोपी को सावंतवाड़ी से हिरासत में लिया गया और बाद में अदालत में पेश किया गया।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और अन्य आरोपों की भी पड़ताल की जा रही है।
पति पर भी लगाए निजी आरोप
गिरिजा राउत ने अपने पति गीतेश राउत पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत में उन्होंने दावा किया कि शादी के बाद वैवाहिक संबंध सामान्य नहीं रहे और उनके साथ मानसिक प्रताड़ना की गई।
उन्होंने पूरे परिवार पर लंबे समय तक अत्यधिक मानसिक और शारीरिक उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है।
विनायक राउत ने आरोपों को बताया झूठा
इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विनायक राउत ने सभी आरोपों को पूरी तरह निराधार बताया है।
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार उन्होंने कहा कि उनके खिलाफ दर्ज कराया गया मामला पूरी तरह झूठा है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उनकी बहू करोड़ों रुपये की संपत्ति हासिल करने के उद्देश्य से ऐसे आरोप लगा रही हैं।
जांच जारी
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और एक आरोपी की गिरफ्तारी भी हो चुकी है। मामले की जांच जारी है और पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
