ममता बनर्जी को ‘गद्दार’ कहने पर सियासी घमासान, अग्निमित्रा पॉल ने दिया बड़ा बयान
पश्चिम बंगाल की राजनीति में इन दिनों हलचल तेज है। एक ओर तृणमूल कांग्रेस (TMC) के कई नेताओं को लेकर लगातार विवाद सामने आ रहे हैं, वहीं दूसरी ओर पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को अपनी ही पार्टी के भीतर बढ़ते असंतोष का सामना करना पड़ रहा है। इसी बीच भाजपा नेता और राज्य सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने ममता बनर्जी पर तीखा हमला बोलते हुए उन्हें “गद्दार” तक कह दिया, जिससे राज्य की सियासत और गरमा गई है।
अग्निमित्रा पॉल का ममता बनर्जी पर हमला
आसनसोल में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा नेता अग्निमित्रा पॉल ने दल-बदल और राजनीतिक निष्ठा के मुद्दे पर ममता बनर्जी के बयान पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी को इस विषय पर बोलने का कोई नैतिक अधिकार नहीं है। अग्निमित्रा पॉल ने कहा, “ममता बनर्जी जो बोल रही हैं, ठीक बोल रही हैं, लेकिन ममता बनर्जी भी तो गद्दार हैं।” उनके इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।
पार्टी के भीतर बढ़ी नाराजगी
हाल के दिनों में टीएमसी के भीतर असंतोष की खबरें लगातार सामने आ रही हैं। कुछ नेता पार्टी छोड़कर भाजपा का दामन थाम चुके हैं, जबकि कुछ नेताओं पर कानूनी कार्रवाई भी हुई है। वहीं कई नेताओं के अलग गुट बनाने की चर्चाओं ने भी पार्टी नेतृत्व की मुश्किलें बढ़ा दी हैं।
बागी विधायकों का बड़ा दावा
इसी बीच तृणमूल कांग्रेस के बागी विधायकों ने सोमवार को कोलकाता में एक बैठक आयोजित कर बड़ा दावा किया। बैठक के बाद विपक्ष के नेता ऋतब्रत बनर्जी ने पत्रकारों से कहा कि बागी विधायकों ने सर्वसम्मति से ममता बनर्जी को पार्टी अध्यक्ष पद से हटाने का फैसला किया है और पूर्व मंत्री अरूप रॉय को नया अध्यक्ष चुना है। ऋतब्रत बनर्जी ने कहा, “हमने चुनाव आयोग के सभी नियमों का पालन किया है। इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी चुनाव आयोग को भी दी जाएगी। पूरी प्रक्रिया कानूनी तरीके से पूरी की गई है।”
