दिल्ली पहुंचे सीएम विजय, राहुल गांधी से की मुलाकात
तमिलनाडु की राजनीति में तेजी से उभर रहे मुख्यमंत्री थलपति विजय एक बार फिर चर्चा के केंद्र में हैं। दिल्ली दौरे पर पहुंचे विजय ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से मुलाकात की।
राहुल गांधी और सोनिया गांधी से मिले सीएम विजय
बुधवार को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और कांग्रेस की वरिष्ठ नेता सोनिया गांधी से मुलाकात की। मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय की सोनिया गांधी से यह पहली मुलाकात थी, जबकि राहुल गांधी पहले उनके शपथ ग्रहण समारोह में शामिल हो चुके हैं।

इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यह बैठक ऐसे समय हुई है जब कांग्रेस अपने सहयोगी दलों और गठबंधन को मजबूत करने की कोशिश कर रही है।

दिल्ली दौरे में कई अहम मुलाकातें
दिल्ली दौरे के दौरान मुख्यमंत्री विजय ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन से भी मुलाकात की।
इससे पहले मई में उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भेंट कर तमिलनाडु से जुड़े कई महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए थे। प्रधानमंत्री से मुलाकात के दौरान विजय ने मेकेदातु बांध विवाद, तमिलनाडु के मछुआरों की गिरफ्तारी और तमिल वंदना गीत विवाद जैसे विषयों पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण से भी मुलाकात कर राज्य के विकास से जुड़े मुद्दों पर बातचीत की थी।
टली थी मुलाकात, फिर हुई बैठक
जानकारी के अनुसार राहुल गांधी और सोनिया गांधी के साथ विजय की मुलाकात 28 मई को प्रस्तावित थी, लेकिन कुछ कारणों से इसे अंतिम समय में स्थगित कर दिया गया था। इसके बाद राजनीतिक गलियारों में कई तरह की अटकलें लगाई जाने लगी थीं। हालांकि अब यह मुलाकात हो चुकी है और इसकी तस्वीरें सामने आने के बाद चर्चाओं का दौर और तेज हो गया है।
